‘तो हज भवन में अस्पताल खुलवा दें?’, तेजस्वी के बयान पर भड़के गिरिराज सिंह

‘तो हज भवन में अस्पताल खुलवा दें?’, तेजस्वी के बयान पर भड़के गिरिराज सिंह

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के मंदिर वाले बयान के बाद बिहार में सियासी हलचल तेज़ हो गयी है। बयानबाज़ी का दौर ऐसा शुरू हुआ है की रुकने का नाम नहीं ले रहा। तेजस्वी यादव के मंदिर वाले बयान के बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने मंदिर की जगह अस्पताल वाले बयान पर कहा की हज भवन को अस्पताल बना देंगे क्या?

इसी के साथ गिरिराज सिंह ने राजद सुप्रीमो लालू यादव पर भी ज़ुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा है की जब अयोध्या में कार सेवकों पर मुलायम सिंह यादव ने गोलियां चलवाई थी तब भी लालू यादव ने मुलायम सिंह का समर्थन किया था। यही कारण है की राम मंदिर इन लोगों की आँखों में खटक रहा है।

क्या था तेजस्वी यादव का बयान?

बीते बुधवार को उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मधुबनी में एक कार्यक्रम के दौरान राम मंदिर को लेकर बयान दिया था। उन्होंने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा था की अगर आप बीमार होंगे तो मंदिर जाएंगे या अस्पताल? भूख लगने पर आपका पेट कौन भरेगा? इसके अलावा उन्होंने भाजपा और पीएम मोदी पर भी हमलावर होते हुए कहा की राम अगर चाहते तो जगह-जगह अपना महल नहीं बनवा देते।

भाजपा राम मंदिर बनवा कर कह रही है की उन्होंने राम लला को घर दे दिया। रामलला चाहते तो खुद महल नहीं बनवा लेते? अब आप बताइये की राम जी को मोदी की ज़रूरत है क्या? यह सब बीजेपी की बेकार की बातें हैं। इस तरह के बयान के बाद ही बिहार में राजनीति गरमा गयी है और बयानबाज़ी दोनों तरफ से शुरू हो चुकी है।

दिल्ली में पत्रकार से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा की इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है की वो हिन्दुओं को अपमानजनक बोलते हैं। ये उनकी आदत हो गयी है। राम मंदिर ना बने इसके लिए विपक्षियों ने खूब मेहनत की लेकिन जब वह इसमें सफल नहीं हो पाए और संवैधानिक तौर पर राम मंदिर बनकर तैयार हो गया तो इन लोगों की आँखों में ये चुभ रहा है। ये लोग बरसों से हिन्दुओं की आस्था पर चोट करते आये हैं और इनको इसमें आनंद मिलता है।

गिरिराज सिंह ने आगे कहा की मुग़लों के अलावा अन्य आक्रांताओं ने सैंकड़ों वर्षों तक सनातन की संस्कृति और सभ्यता पर प्रहार किया। लम्बे संघर्ष के बाद अब जाकर राम मंदिर के रूप में सनातन का पुनर्जागरण हो रहा है तो तेजस्वी यादव चाह रहे हैं की इसमें कोई विघ्न पैदा हो। मैं पूछना चाहता हूँ की हज करने वालों की सहायता के लिए जो पैसा खर्च होता है उस पर कुछ सलाह देंगे? क्या आप हज भवन को अस्पताल बनवा देंगे? इफ्तार पार्टी के लिए बड़े खर्च जो किये जाते हैं उससे गरीबों को भोजन दिलाएंगे?

भाजपा नेता ने आरोप लगाया की हिन्दुओ की श्रद्धा और भावना को चोट पहुंचाना INDIA गठबंधन का एक मिशन बन गया है। उनके मंत्री ने रामायण तक को गाली दी। उन्होंने देवी दुर्गा और सरस्वती के बारे में भी गलत बातें कहीं। ये लोग कायर हैं क्योंकि इनसे कभी मोहम्मद साहब के ऊपर टिप्पणी करते नहीं दिखेंगे। वोट के लालच में हिन्दुओं को गाली और मुस्लिम तुष्टिकरण इनके कार्य में शामिल है।

चुनाव के मद्देनज़र ऐसी बहुत सारी बयानबाज़ी शुरू हो चुकी है। पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी ज़ुबानी जंग और तेज़ होगी आने वाले समय में ऐसी उम्मीद की जा सकती है। लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र और राम मंदिर को टारगेट करने के मकसद से मोदी विरोधी नेता लगातार बयानबाज़ी कर रहे हैं। मौजूदा समय में NCP नेता द्वारा दिया गया राम जी पर बयान बहुत विवादित मालुम हो रहा है। उन्होंने राम जी को मांसाहारी बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *